मिहिजाम। मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई रेलवे फाटक के समीप स्थित शिव मंदिर के पास बनी यज्ञशाला में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना मिहिजाम के वार्ड संख्या 19 की है, जहां मंदिर परिसर के बगल में बांस और बिचाली से निर्मित यज्ञशाला के ऊपरी हिस्से में आग भड़क उठी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते यज्ञशाला का गुंबदनुमा ऊपरी ढांचा जलने लगा। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पूर्व इस शिव मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित हुआ था, उसी दौरान पूजा-अनुष्ठान के लिए अस्थायी यज्ञशाला का निर्माण किया गया था। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोग प्रशासन से जांच की मांग कर रहे हैं।
कानगोई में बड़ी अनहोनी टली: शिव मंदिर की यज्ञशाला में लगी आग, सतर्कता से बची जानें
