चित्तरंजन में सनसनी: ओवल ग्राउंड के पास चिरेका कर्मी पर जानलेवा हमला, दुर्गापुर के अस्पताल में जिंदगी की जंग

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी चित्तरंजन। रेलनगरी चित्तरंजन में रविवार देर रात एक सनसनीखेज और चिंताजनक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) के एक कर्मचारी एरिक लकड़ा पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद घायल कर्मचारी को पहले चित्तरंजन के अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वे दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार एरिक लकड़ा चित्तरंजन के स्ट्रीट नंबर 66, क्वार्टर नंबर 51ए के निवासी हैं। वे चिरेका के मैकेनिकल विभाग में टीएम के निरीक्षण सेक्शन में ओएस के पद पर कार्यरत हैं। बताया जाता है कि रविवार देर रात वे बादोलीगढ़ इलाके से अपने क्वार्टर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग उनके पीछे पड़ गए और बाइक से उनकी चारपहिया गाड़ी का पीछा करने लगे।सूत्रों के मुताबिक बाइक सवार तीन अज्ञात युवक लगातार उनका पीछा करते हुए ओवल ग्राउंड तक पहुंच गए। जैसे ही एरिक लकड़ा की गाड़ी ओवल ग्राउंड के पास पहुंची, हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया। अचानक हुई इस घटना से पहले कि वे कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हमले में एरिक लकड़ा बुरी तरह जख्मी हो गए और कुछ ही देर में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।घटना के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। बताया जा रहा है कि हमलावर ही घायल एरिक लकड़ा को उनकी ही चारपहिया गाड़ी में बैठाकर इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वे उन्हें चित्तरंजन स्थित कस्तूरबा गांधी अस्पताल चित्तरंजन ले गए और अस्पताल के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गए। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया।इसके बाद परिजनों और परिचितों ने उन्हें दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। इस घटना की खबर फैलते ही चित्तरंजन के स्थानीय लोगों और चिरेका कर्मचारियों में चिंता और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात इस तरह की घटना से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का मानना है कि शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। मामले को लेकर चित्तरंजन थाना की पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही संभावित सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि हमले के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।इस संबंध में चित्तरंजन थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली ने बताया कि अभी तक पीड़ित के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस अपने स्तर से भी मामले की पड़ताल कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावरों ने एरिक लकड़ा पर हमला क्यों किया। पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटना के पीछे आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य वजह की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।इस बीच एरिक लकड़ा के परिजन और परिचित उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। वहीं शहर के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और देर रात होने वाली गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच आगे क्या खुलासा करती है, इस पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *