मिहिजाम में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मना डॉ. नागेंद्र सिन्हा विद्यालय का वार्षिकोत्सव

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। मिहिजाम स्थित डॉ. नागेंद्र सिन्हा विद्यालय का वार्षिकोत्सव रविवार को उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में शहर के कई गणमान्य लोग, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मिहिजाम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार एवं शिक्षाविद डॉ दुर्गादास भंडारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। साथ ही विशिष्ट अतिथियों में थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे, नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी एवं वार्ड पार्षद कैलाश पंडित उपस्थित थे। इसके बाद सभी अतिथियों ने विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. नागेंद्र सिन्हा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान जन गण मन के साथ हुई, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना गूंज उठी।समारोह के प्रारंभ में विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद विद्यालय के सचिव नंदलाल शर्मा, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, अध्यक्ष विद्यासागर, ट्रस्ट की महिला सदस्या साधना देवी तथा प्राचार्या चंदा मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव नंदलाल शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन उप प्राचार्या सीमा राउत और शिक्षिका अंकिता बर्मन ने संयुक्त रूप से किया। दोनों के प्रभावी संचालन ने पूरे कार्यक्रम को रोचक और व्यवस्थित बनाए रखा।मुख्य अतिथि गोपेश कुम्भकार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. नागेंद्र सिन्हा जैसे समाजसेवी विरले ही देखने को मिलते हैं। उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से मिहिजाम के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय की स्थापना की, जो समाज के लिए एक अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने कहा कि आज इस विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र के बच्चे कम शुल्क में अंग्रेजी माध्यम की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जो वास्तव में सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी खुलकर प्रशंसा की।विद्यालय के सचिव नंदलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से सरकारी मान्यता प्राप्त हो चुकी है, जो संस्था के लिए गर्व की बात है। इसके लिए उन्होंने जामताड़ा के उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ साथ नैतिक मूल्यों से भी जोड़ना है।इसके अलावा डॉ दुर्गादास भंडारी ने कहा कि इस विद्यालय की शिक्षिकाओं ने यह साबित कर दिया है कि महिलाएं किसी भी संस्था का सफल संचालन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. नागेंद्र सिन्हा विद्यालय इसका एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संस्था लगातार प्रगति कर रही है।साथ ही कहा कि जो लोग समाज के लिए कार्य करते हैं, उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। डॉ. नागेंद्र सिन्हा ने शिक्षा के क्षेत्र में जो पहल की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उन्होंने विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।विद्यालय के कोषाध्यक्ष नवीन कुमार ने कहा कि यहां के विद्यार्थी केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि नृत्य, योग, खेल, कविता पाठ और ताइक्वांडो जैसी गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के बच्चे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर बच्चे के भीतर कोई न कोई प्रतिभा होती है। जरूरत है उसे पहचानने और सही दिशा देने की। उन्होंने बच्चों से माता पिता, समाज और देश के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से लेकर उच्च कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, समूह नृत्य, लोक नृत्य, योग नृत्य, कविता पाठ और कई अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खास तौर पर कश्मीरी, मराठी, बंगाली और संताली संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम में सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई दी।समारोह के दौरान सत्र 2025–26 में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक तथा सह शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों और शिक्षिकाओं द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही डॉ. नागेंद्र सिन्हा ट्रस्ट की ओर से विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और अभिभावकों को विद्यालय की प्रगति में उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या चंदा मिश्रा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार का लक्ष्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करना है।इस अवसर पर किरण देवी, लोटस प्ले की प्राचार्या पूजा झा, स्वाति कुमारी, मुस्कान कुमारी, शिक्षाविद द्वारिका सिंह, शिक्षक मुरारी मोहन, शिक्षिका बबीता कुमारी, नीतू ठाकुर, निकिता वर्मा, अनिता कुमारी, सीमा कुमारी, सुप्रिया कुमारी, अंशु कुमारी, निकिता कुमारी, कर्मी श्वेता वर्मा, संजू देवी, शिखा कुमारी सहित विद्यालय के अनेक विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *