तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी सारठ। देवघर जिले के सारठ प्रखंड अंतर्गत ढीबा गांव में श्री श्री 108 मां काली मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर रविवार से तीन दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पहले दिन श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ लगभग 500 कन्याओं ने भाग लिया। पूरा गांव भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया और चारों ओर मां काली के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी।रविवार की सुबह से ही ढीबा गांव में उत्सव का माहौल देखने को मिला। गांव के लोग पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर परिसर में एकत्रित होने लगे। पूजा अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश यात्रा की शुरुआत पड़ुवा नदी से हुई। यहां कन्याओं ने विधि विधान के साथ पवित्र जल से कलश भरा और उसके बाद भव्य शोभायात्रा के रूप में मंदिर की ओर प्रस्थान किया। सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों कन्याएं कतारबद्ध होकर चल रही थीं, जो श्रद्धा और अनुशासन का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं।कलश यात्रा के दौरान डीजे, ढोल नगाड़ों और पारंपरिक बाजों की धुन पर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे गांव की गलियों से गुजरती यह शोभायात्रा मां काली मंदिर प्रांगण तक पहुंची। यात्रा के मार्ग में जगह जगह ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान जय मां काली और हर हर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।इस धार्मिक आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में वासुदेव मंडल अपनी पत्नी गायत्री कुमारी के साथ सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे पीछे कन्याओं की लंबी कतार और सैकड़ों श्रद्धालुओं का जनसैलाब नजर आया। गांव के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने भी इस पवित्र यात्रा में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि मां काली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे क्षेत्र में काफी दिनों से उत्साह का माहौल बना हुआ था और रविवार को कलश यात्रा के साथ इस महोत्सव की विधिवत शुरुआत हो गई।कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा समिति की ओर से विशेष प्रबंध किए गए थे। यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर शरबत, ठंडा पानी और अन्य पेयजल की व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे रहे।तीन दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव में भक्ति जागरण का भी विशेष आयोजन रखा गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रविवार की रात प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत दुबे द्वारा भक्ति जागरण की प्रस्तुति दी गई, जिसमें वे अपने भजनों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर किया। वहीं सोमवार की रात अनु दुबे और सावंत लाख अपनी मधुर आवाज में भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। कार्यक्रम के अंतिम दिन मंगलवार को किशोर बाबा और सुरभि सिंह द्वारा भक्ति जागरण का आयोजन होगा, जिसमें मां काली की महिमा का गुणगान किया जाएगा।मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के इस भव्य आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई हैं, जहां ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ रही है। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के अन्य साधन भी लगाए गए हैं, जिससे यह आयोजन धार्मिक के साथ साथ सांस्कृतिक उत्सव का रूप ले चुका है। आसपास के कई गांवों से भी लोग इस मेले और धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंच रहे हैं।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस कार्यक्रम की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। मंदिर परिसर की साफ सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था पहले ही पूरी कर ली गई थी। मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर बेहद सुंदर और आकर्षक दिखाई दे रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि मां काली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा उनके लिए एक ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश दिया जा रहा है। गांव के लोगों ने मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया है और पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग ले रहे हैं।तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान विशेष पूजा अर्चना, हवन, भक्ति जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम दिन मां काली मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।ढीबा गांव में आयोजित यह धार्मिक महोत्सव न केवल श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को भी मजबूती प्रदान कर रहा है। मां काली के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच पूरा गांव इन दिनों भक्ति के रंग में रंगा हुआ है।
ढीबा गांव में भक्ति की गूंज: मां काली मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आरंभ
