तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी चित्तरंजन। चित्तरंजन में हुए चर्चित एरिक लकड़ा हत्याकांड को लेकर अब जनप्रतिनिधियों और संगठनों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में चित्तरंजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने थाना प्रभारी को एक मांगपत्र सौंपते हुए मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।कमेटी की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि 8 मार्च 2026 को हुई इस निर्मम हत्या ने न केवल मृतक के परिवार और सहकर्मियों को गहरे सदमे में डाला है, बल्कि पूरे चित्तरंजन टाउनशिप में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि स्थानीय पुलिस द्वारा तीन आरोपियों की पहचान किए जाने के बावजूद अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। साथ ही पूरे टाउनशिप क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।इस संबंध में जानकारी देते हुए कमेटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि एरिक लकड़ा को श्रद्धांजलि देने के लिए अमलादही बाजार स्थित स्ट्रीट नंबर-24 के समीप शाम 6:30 बजे से 7 बजे तक कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इसके बाद चित्तरंजन थाना तक प्रदर्शन भी किया गया।कमेटी ने सभी स्थानीय निवासियों, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होकर विरोध दर्ज कराने की अपील की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के अलावा चित्तरंजन के आमजनों में डिप्टी महाप्रबंधक सचिव रोहित करकेट्टा, रत्ना टोप्पो, कंकना पांडे, इंद्रजीत सिंह, संजीव कुमार शाही, पिंटू पांडे, पीके शर्मा के अलावा काफी संख्या में दिवंगत के सहकर्मी, मित्र, परिजन के अलावा सैंकड़ों की संख्या में आम नागरिक शामिल थे।
एरिक लकड़ा हत्याकांड पर कांग्रेस का दबाव: शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
