एरिक लकड़ा हत्याकांड में नई पहल: मानवाधिकार आयोग पहुंचा मामला, न्याय की उम्मीद जगी

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी चित्तरंजन। चर्चित एरिक लकड़ा हत्याकांड को लेकर अब न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, जिला पश्चिम बर्धमान ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। आयोग द्वारा शिकायत को स्वीकार कर लिया गया है और केस दर्ज होने के साथ ही केस नंबर भी जारी कर दिया गया है, जिससे पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में न्याय की उम्मीद जगी है।एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार ने बताया कि एरिक लकड़ा की हत्या बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी और इस मामले में प्रशासन के पास पर्याप्त सबूत मौजूद होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बार-बार जांच जारी है कहकर मामले को टालना अत्यंत चिंताजनक और असंतोषजनक है।इसी निष्क्रियता को देखते हुए एसोसिएशन ने मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया है, ताकि मामले में पारदर्शिता बनी रहे और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके। संगठन का मानना है कि आयोग के हस्तक्षेप से जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और दोषियों को जल्द सजा मिल सकेगी।यह पहल न केवल एरिक लकड़ा मामले में न्याय दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि समाज में मानवाधिकारों की रक्षा के प्रति एक सशक्त संदेश भी देती है। वहीं, डॉ. विनय कुमार ने जानकारी दी कि 8 अप्रैल को शाम 6 बजे संगठन द्वारा चित्तरंजन थाना में एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *