तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी आसनसोल। पश्चिम बंगाल के औद्योगिक शहर आसनसोल के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की राजनीति पर जोरदार हमला बोला और ‘परिवर्तन’ का संदेश दिया। हजारों की भीड़ के बीच पीएम ने बंगाल के पुराने औद्योगिक वैभव को पुनर्जीवित करने का वादा करते हुए माफिया राज खत्म करने की बात कही।अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि आसनसोल कभी साइकिल, कांच, एल्यूमिनियम और कोयले के कारोबार के लिए देशभर में पहचान रखता था, लेकिन वर्तमान हालात में इसकी चमक फीकी पड़ गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बीजेपी सरकार बनने पर बंद पड़े उद्योगों को दोबारा चालू किया जाएगा और निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही कोयला और बालू माफियाओं पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।प्रधानमंत्री ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और सीमा पर घुसपैठ जैसे मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ही बंगाल को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने लोगों से निर्भय होकर मतदान करने की अपील करते हुए इसे राज्य के भविष्य का चुनाव बताया।हालांकि रैली में उमड़ी भारी भीड़ के बीच कुछ असामाजिक तत्व भी सक्रिय नजर आए। कार्यक्रम के दौरान और उसके बाद कई लोगों ने मोबाइल चोरी की शिकायत की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ संदिग्धों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कई आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने की कोशिश जारी है।
आसनसोल में पीएम का प्रहार: माफिया खत्म, उद्योग फिर से गुलजार, रैली में जेबकतरों का भी कहर
