तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। मिहिजाम थाना के नवपदस्थापित थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने कार्यभार संभालते ही अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का संकल्प जताया है। उन्होंने कहा कि शहर को अपराधमुक्त बनाना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन इसके साथ ही लोगों को जाम से राहत दिलाना भी बेहद जरूरी है।विशेष रूप से मिहिजाम बाजार की मुख्य सड़क पर लगने वाले लगातार जाम को लेकर उन्होंने गंभीरता दिखाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि बाजार क्षेत्र में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और बेतरतीब वाहनों की आवाजाही जाम की मुख्य वजह हैं, जिन्हें जल्द नियंत्रित किया जाएगा। इसके लिए नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और आवश्यकतानुसार ट्रैफिक पुलिस की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने यह भी संकेत दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों और व्यवसायियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।इस पहल से लोगों को जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मिहिजाम में ट्रैफिक सुधार पर सख्त रुख, नए थाना प्रभारी ने दिखाई सक्रियता
