पुलवामा शहीदों की स्मृति में 14 फरवरी को लगेगा रक्तदान शिविर, नेताजी ब्लड डोनर एसोसिएशन की अहम बैठक सम्पन्न

जामताड़ा। जामताड़ा नगर स्थित संत एंथोनी विद्यालय परिसर में नेताजी ब्लड डोनर एसोसिएशन, जामताड़ा की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं विद्यालय परिवार की सहभागिता रही, जहां आगामी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर को लेकर विस्तार से विचार विमर्श किया गया।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिवर्ष 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आयोजित होने वाला रक्तदान शिविर इस वर्ष बसंत पंचमी के अवसर को ध्यान में रखते हुए स्थगित किया जाएगा। इसके स्थान पर यह शिविर पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में 14 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।एसोसिएशन के सचिव डॉ. चंचल भंडारी ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज के अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएंगे।सहसचिव लारेब खान ने युवाओं से आह्वान किया कि वे बढ़ चढ़कर शिविर में भाग लें और जरूरतमंदों की मदद करें। बैठक में उपाध्यक्ष कुणाल किशोर, सक्रिय सदस्य मोनू साव, आकाश साव, अमन प्रसाद सहित विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने शिविर को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *