फागुन के रंग में सजा आस्था का कारवां, बाजार दुर्गा मंदिर से निकला श्याम बाबा का भव्य निशान

जामताड़ा। फागुन माह के शुभ अवसर पर स्थानीय बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से श्याम बाबा का भव्य निशान यात्रा उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। पूरे क्षेत्र में भक्ति, उल्लास और रंगों की छटा देखते ही बन रही थी। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली इस यात्रा में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेविका रूबी साहू ने की। उन्होंने कहा कि फागुन का यह पावन समय भक्ति, प्रेम और सामाजिक एकता का प्रतीक है। निशान यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में झूमते नजर आए और पूरे मार्ग में श्याम बाबा के जयकारे गूंजते रहे।यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निशान को कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण किया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो उठा।इस धार्मिक आयोजन में सुनीता देवी, मुन्नी देवी, पायल, सृष्टि, रंजन, किशोर, विनीता, अभि तथा अनमोल समेत अनेक श्रद्धालु सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने फागुन के इस पर्व को और भी यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *