संवाददाता, नाला (जामताड़ा)। राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, नाला में गणित सप्ताह के समापन अवसर पर गणित दिवस को उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य गणित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने गणितीय अवधारणाओं पर आधारित आकर्षक और रचनात्मक मॉडलों का प्रदर्शन कर अपनी तार्किक सोच और नवाचार क्षमता का प्रभावी परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में नाला पंचायत के मुखिया अजित मुर्मू तथा दलाबड़ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गुपिन सोरेन उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणित केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की हर समस्या का समाधान खोजने में सहायक है।
गणित सप्ताह के दौरान आयोजित क्विज, मॉडल प्रदर्शनी एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार मंडल, गणित शिक्षक प्रियतोष साधु सहित राजेश कुमार, मुकेश कुमार, सुरोजित भट्टाचार्य, बादशाह मुखर्जी, पूर्णिमा दास, निर्मला कुमारी टुडू, बुद्धदेव पाल सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जहां अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की सराहना की।
संख्याओं का उत्सव: नाला +2 उच्च विद्यालय में गणित दिवस बना ज्ञान और नवाचार का मंच
