जामताड़ा। स्टेशन रोड स्थित श्री श्री सार्वजनिक मां काली मंदिर ट्रस्ट, जामताड़ा द्वारा जिला सरना समिति के मार्गदर्शन में सोहराय मिलन समारोह एवं तिल दान अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ट्रस्ट की प्रतिबद्धता और सतत सामाजिक प्रयासों का जीवंत उदाहरण बना। आयोजन में लवली देवी के सौजन्य से तिल दान अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसमें वृद्धाश्रमवासियों, पत्रकार बंधुओं एवं उपस्थित जनसमूह के बीच तिल दान किया गया।समारोह के दौरान समाज के विशिष्ट व्यक्तित्वों को सोहराय सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मानित होने वालों में सुनील बास्की, डॉ. मंजुला मुर्मू, सुधीर सोरेन, एवमाइल टुडू, बलदेव मुर्मू, हेमलाल टुडू, देवेंद्र मुर्मू, नंदकिशोर बास्की, संजय पाहन, निर्मल मरांडी, मनोरंजन बनर्जी, आनंद टुडू एवं विजय रावत शामिल रहे।इसके साथ ही चयनित महिलाओं के बीच वस्त्र वितरण किया गया। 25 दिसंबर को काली मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर के रक्तदाताओं को भी मंच से सम्मानित किया गया, जिससे समाज में सेवा भाव को नई प्रेरणा मिली।मुख्य अतिथि के रूप में प्रियंका सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में लवली देवी, अनीता साव सहित ट्रस्ट की ओर से बुद्ध गोपाल भट्टाचार्य, सुनील साव, गोपू भंडारी, बजरंग बर्मन, सुभाष नाग समेत अनेक सदस्य मौजूद रहे। आयोजन ने सामाजिक समरसता, सेवा और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त संदेश दिया।
सोहराय की रंगत में सम्मान, सेवा और संस्कार का संगम, काली मंदिर ट्रस्ट के आयोजन में तिल दान, वस्त्र वितरण व रक्तदाताओं का सम्मान
