संताल अस्मिता का संगम: नाला नेताजी स्टेडियम में देश मांझी परगना बाईसी और सांवता सुसार आखड़ा की बैठक सम्पन्न

नाला (जामताड़ा)। नाला नेताजी स्टेडियम में देश मांझी परगना बाईसी एवं सांवता सुसार आखड़ा के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उकील बेसरा ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 21 दिसंबर को 171वां संथाल परगना स्थापना दिवस को ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी पर चर्चा करना रहा।

बैठक में मांझी, नाईकी, पारानीक, जोगमांझी, जोगपरानीक, गोड़ेत, भद्दो, कुड़ाम नायकी, लासेरसाल सहित परंपरागत पदधारकों ने अपनी महत्वपूर्ण राय रखी। आयोजन समिति ने घोषणा की कि स्थापना दिवस समारोह में उपायुक्त रवि आनंद मुख्य अतिथि, जबकि एसी पूनम कच्छप एवं एसडीओ अनंत कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

बैठक में मांझी परगना संगठन की ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। जिसमें संथाल परगना के भूमि रक्षा कानून एवं परंपरागत शासन व्यवस्था का सख्ती से पालन हो। मांझी परगना बाईसी के अधिकारों को जमीनी स्तर पर लागू किया जाए। मांझी थान, जाहेर थान, गोड़-बोंगा थान आदि की सुरक्षा हेतु चारदिवारी निर्माण किया जाए।
एसपीजेआर 1893 एवं एसपीसीआर 1946 को सकारात्मक संशोधन सहित लागू किया जाए।
जामताड़ा जिला के सभी डाकबंगलों को अतिक्रमण मुक्त कर परगनैत को सौंपा जाए।

बैठक में विनय मुर्मू, जीवन मुर्मू, बाबन मुर्मू, मंगल हेम्ब्रम, जयसर मुर्मू, सतीलाल मुर्मू, संतोष सोरेन, विश्वनाथ मुर्मू, रंजीत सोरेन, दिलीप मुर्मू, निर्मल मुर्मू, सोनालाल पावरिया, प्रदीप मुर्मू, शिवधन किस्कु, वासुदेव मरांडी, रंजन मरांडी, वासुदेव बेसरा, गौतम बस्की, रविलाल मुर्मू, समीर सोरेन, लाल मुर्मू, सुरेश मुर्मू, बाबूलाल सोरेन, गोविंद मुर्मू, देवदास मुर्मू सहित बड़ी संख्या में संथाल समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का स्थापना दिवस संथाल पहचान और आदिवासी गौरव का भव्य प्रतीक बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *