चित्तरंजन। चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना के महाप्रबंधक कार्यालय परिसर के ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे इम्प्लाइज एसोसिएशन कार्यालय में गुरुवार को सामाजिक समरसता, सम्मान और सेवा भावना से ओत-प्रोत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लाकड़ा के आगमन पर कार्यक्रम की शुरुआत निर्वाचित जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत एवं महिला समूह द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।कार्यक्रम के दौरान डॉ. आशा लाकड़ा एवं सीएलडब्ल्यू के महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात मंच पर अतिथियों का आसन ग्रहण हुआ, जिसमें ईस्टर्न रेलवे के जोनल अध्यक्ष एवं केंद्रीय कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पी.सी. मुर्मू भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।सम्मान समारोह में डॉ. आशा लाकड़ा को जोनल अध्यक्ष सीएलडब्ल्यू प्रफुल्ल मरसाना द्वारा, महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता को जोनल सचिव एस.सी. ब्रह्मा द्वारा तथा पी.सी. मुर्मू को जोनल वर्किंग प्रेसिडेंट देबसरण मुर्मू द्वारा अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने सामाजिक न्याय और समान अवसरों की आवश्यकता पर बल दिया, वहीं डॉ. आशा लाकड़ा ने बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रेरक विचार साझा किए।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कंबल वितरण रहा, जहां डॉ. आशा लाकड़ा, महाप्रबंधक सहित सीएलडब्ल्यू के अधिकारियों, यूनियन नेताओं एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने 400 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर 6 पदक जीतने वाली क्षेत्र में भाला क्वीन के नाम से चर्चित सबिता मुर्मू को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन चिन्मय बाड़ै ने किया। यह आयोजन न केवल सेवा और सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभु दास, अभिजीत मंडल, अयान दास, कंचन रजक, आशुतोष दास, विश्वरूप मंडल, मोनाली, जानकी, नमिता, पंकज लायक, नयन नायक, वीरेंद्र पासवान सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रहा।


