विद्या की साधना और सेवा का संगम, आशा किरण–शिशु विहार में भव्य सरस्वती पूजा

चित्तरंजन। आशा किरण एवं शिशु विहार स्कूल के संयुक्त प्रांगण में सरस्वती पूजा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर पीले रंग की आकर्षक सजावट से सजा हुआ था और चारों ओर भक्तिमय माहौल व्याप्त रहा। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष विद्या वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ संगठन की सक्रिय सदस्याएं, विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत पूजा-अर्चना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।पूजन कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने पीले वस्त्र धारण कर पारंपरिक मंत्रोच्चारण के साथ माँ शारदा को पुष्पांजलि अर्पित की। बच्चों के चेहरे पर भक्ति, उत्साह और जिज्ञासा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे परिसर में या कुन्देन्दु तुषारहार धवला के मधुर स्वर गूंजते रहे।इस अवसर पर विद्या वर्मा ने बच्चों को विद्या, संस्कार और अनुशासन के महत्व पर प्रेरणादायी संदेश दिया। महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम की विशेष झलक तब देखने को मिली जब आशा किरण स्कूल के विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के बीच स्नेहपूर्वक खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। समारोह का समापन सामूहिक आरती एवं शांत वातावरण में प्रसाद ग्रहण के साथ हुआ, जिससे पूरे विद्यालय में सकारात्मकता और सामाजिक समरसता का भाव प्रबल हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *