नाला (जामताड़ा)। जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी जामताड़ा के निर्देश पर एलसीडीसी अभियान के तहत खोजे गए संदिग्ध मरीजों की पुष्टि के लिए शनिवार को नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर जोनल कोऑर्डिनेटर डीएफआईटी अमूल्य महतो के पर्यवेक्षण में संचालित हुआ, जिसमें कुल 45 संभावित व्यक्तियों की जांच की गई।
जांच के दौरान चार व्यक्तियों में कुष्ठ रोग के लक्षण पॉजिटिव पाए गए। जोनल कोऑर्डिनेटर ने बताया कि सभी पॉजिटिव मरीजों को तुरंत आवश्यक दवा, उपचार तथा चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि उन्हें समय पर और बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रारंभिक पहचान कुष्ठ उन्मूलन में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
शिविर में एमपीडब्ल्यू प्रदीप टुडु, एमपीडब्ल्यू शांतिमय मंडल, एचडब्ल्यू इमरान अंसारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही और निरंतर लोगों को जागरूक करने का कार्य करती रही।
स्वास्थ्यकर्मियों की जागरूकता और टीमवर्क के परिणामस्वरूप नाला क्षेत्र में कुष्ठ रोग नियंत्रण अभियान को नई ऊर्जा मिली है। यह जांच शिविर ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
