जामताड़ा (फतेहपुर)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के जामजोरी पंचायत अंतर्गत भुड़ीशिमल गांव के समीप गुरुवार रात करीब नौ बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क पर दौड़ रही एक कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सामान्य गति से चल रही थी, तभी उसमें से धुआं उठता दिखाई दिया। चालक ने तुरंत वाहन रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार धू धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग सहम गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन भीषण आग के सामने सभी प्रयास नाकाम साबित हुए। इसके बाद फतेहपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
चलती कार बनी आग का गोला, भुड़ीशिमल के पास रात में मचा हड़कंप
