जामताड़ा। जामताड़ा जिले के सुपाईडीह पंचायत क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पंचायत भवन के पास स्थित जोरिया (छोटी नदी) किनारे खेत में यह शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। राहगीरों ने पहले युवक को अचेत समझकर पास जाकर देखा, लेकिन जांच करने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई।मृतक की पहचान नामुपाड़ा निवासी आनंद बाउरी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक आनंद सुबह लगभग 11 बजे मतदान के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार द्वारा खोजबीन के बाद शाम करीब 7 बजे उसका शव सुपाईडीह पंचायत भवन के समीप खेत में मिला।ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के पैर पर जलने जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। वहीं घटनास्थल के आसपास बाइक के टायर के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है। इन परिस्थितियों ने हत्या या किसी साजिश की आशंका को बल दिया है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
सुपाईडीह में रहस्यमयी मौत से सनसनी, खेत में मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
