निर्माणाधीन आरओबी पर हादसे में मजदूर की गई जान, मुआवजे के आश्वासन के बाद खुला जाम

जामताड़ा। जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज एक बार फिर लापरवाही की भेंट चढ़ गया। पिंडारी फाटक के समीप हुए सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत से इलाके में आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान बाबूडीह गांव निवासी गुड्डू रवानी, पिता गन्नू रवानी के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब आठ बजे गुड्डू रवानी मोटरसाइकिल से गुजर रहा था। आरओबी निर्माण के कारण बनाए गए डायवर्सन मार्ग पर किसी प्रकार की चेतावनी व्यवस्था नहीं होने से वह असंतुलित होकर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल गुड्डू को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।गुड्डू पेशे से पंडाल निर्माण मजदूर था। उसके परिवार में पत्नी के साथ दो छोटे बच्चे हैं। एक दो माह का बेटा और तीन वर्ष की बेटी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार सुबह शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही रेडियम बोर्ड लगाए गए हैं। मौके पर पहुंचे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लगोरी और अंचल अधिकारी चुनाराम हेंब्रम ने परिजनों से बातचीत कर तत्काल 1 लाख की सहायता राशि और आगे मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *