चोर समझकर पकड़ा गया युवक निकला लापता, मिहिजाम पुलिस ने दिखाई इंसानियत, परिवार से कराया मिलन

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। मिहिजाम थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक संवेदनशील मामला सामने आया, जहां पुलिस की सूझबूझ और मानवीय पहल ने एक भटके युवक को उसके परिजनों से मिला दिया। थाना प्रभारी प्रदीप राणा के अनुसार, 22 वर्षीय सुबल मेहरा, जो जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के निमडंगाल गांव का निवासी है, मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण रास्ता भटक गया था।बताया गया कि शुक्रवार देर रात वह भटकते हुए मिहिजाम के अंबेडकर नगर इलाके में पहुंच गया। शनिवार तड़के करीब 4 बजे स्थानीय लोगों ने उसे संदिग्ध हालत में देखा और चोरी के शक में पकड़कर मिहिजाम थाना पुलिस को सौंप दिया।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक से पूछताछ की और उसकी पहचान की पुष्टि के लिए जांच शुरू की। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि युवक किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं है, बल्कि मानसिक रूप से अस्थिर होने के कारण रास्ता भटक गया था।इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके परिजनों से संपर्क किया और युवक को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया। इस पूरी घटना ने मिहिजाम पुलिस की मानवीय कार्यशैली और जिम्मेदारी को एक बार फिर उजागर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *