जामताड़ा। जामताड़ा के पुराने कोर्ट परिसर में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जामताड़ा नगर इकाई की ओर से भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आरंभ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और सामूहिक श्रद्धांजलि के साथ हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग प्रमुख संजीव दुबे ने कहा कि डॉ. आंबेडकर द्वारा दिखाया गया समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय का मार्ग आज भी हर युवा के लिए पथ प्रदर्शक है। उन्होंने संविधान को नागरिकों की शक्ति बताते हुए युवाओं से जिम्मेदारी और कर्तव्यपरायणता अपनाने की अपील की।
जिला संयोजक चंदन रजक और सह संयोजक संजय मंडल ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक समर्पण और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए किए गए महान कार्यों को वर्तमान समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस मौके पर नगर मंत्री प्रकाश यादव, सुमित दास, अमन प्रसाद, राहुल कुमार लाल, विजय दास, कमल रजक, अंकेश सिन्हा, सन्नी रजक, पिंटू मिर्धा, विकाश मंडल, रोहित कुमार, अजय दास समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. आंबेडकर के आदर्शों को जीवन में उतारने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
