जामताड़ा। जिले में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से विशेष जागरूकता रथ को रवाना किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा रवि आनंद ने हरी झंडी दिखाकर रथ को जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर निकाय क्षेत्रों के लिए प्रस्थान कराया। यह अभियान जिला सांख्यिकी कार्यालय की पहल पर संचालित किया जा रहा है।इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि परिवार में होने वाली प्रत्येक जन्म और मृत्यु की घटना का पंजीकरण कराना न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि भविष्य की कई आवश्यकताओं के लिए भी अत्यंत जरूरी है। समय पर निबंधन से शिक्षा, पहचान पत्र, सरकारी योजनाओं, संपत्ति संबंधी कार्यों और अन्य औपचारिकताओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। उन्होंने बताया कि जन्म या मृत्यु की घटना के 21 दिनों के भीतर पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क किया जाता है, जबकि विलंब होने पर नियमानुसार शुल्क और सक्षम प्राधिकार की अनुमति आवश्यक होती है।जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को जन्म मृत्यु निबंधन की प्रक्रिया, नियमों और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देगा। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र को गंभीरता से लेते हुए समय पर पंजीकरण कराएं, ताकि व्यक्तिगत स्तर पर सुविधाओं के साथ साथ जिले के सटीक सामाजिक और जनसंख्या आंकड़े भी सुनिश्चित किए जा सकें।
जन्म मृत्यु पंजीकरण को लेकर प्रशासन सक्रिय, जागरूकता रथ को उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी
