मिहिजाम। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर निगरानी और तैयारी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी जामताड़ा अनंत कुमार ने नगर निकाय क्षेत्रों में विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से पालन को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कक्ष, प्रवेश-निकास व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी ने नगरपालिका क्षेत्र में गठित वीएसटी, एसएसटी एवं एफएसटी टीमों के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने टीमों को सतर्कता के साथ लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने, अवैध गतिविधियों पर नजर रखने और चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान उन्होंने नगर निकाय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि चुनाव अवधि में सभी को पूरी निष्पक्षता और तटस्थता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसडीओ ने कहा कि पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की मजबूत नींव है और इसमें प्रशासन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, मतदान केंद्रों का निरीक्षण और आचार संहिता पर सख्त निर्देश
