जामताड़ा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जामताड़ा जिला प्रशासन ने देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए एक प्रेरणादायी पहल की। रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय गोलक बिहारी सेन के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की और उन्हें सम्मानित किया।इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने स्वर्गीय सेन की धर्मपत्नी ठंडावाला सेन को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वतंत्रता आंदोलन में उनके पति के अमूल्य योगदान के लिए आभार प्रकट किया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आजादी सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिसे देश सदैव नमन करता रहेगा। उन्होंने ठंडावाला सेन एवं परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को जीवित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों और देशभक्ति से प्रेरणा ले सके। पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने सेनानियों के योगदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए मार्गदर्शक है।इस सम्मान समारोह में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अंचल अधिकारी अबिश्वर मुर्मू तथा नगर निकाय जामताड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति, सम्मान और कृतज्ञता की भावना को और सुदृढ़ किया।
गणतंत्र दिवस से पहले शौर्य को नमन, जामताड़ा प्रशासन ने स्वतंत्रता सेनानी परिवार को किया सम्मानित
