विकास के मुद्दों के साथ जनता के बीच पहुंचे अमित भद्र, वार्ड संख्या 2 में तेज हुआ जनसंपर्क अभियान

मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे नगर निकाय चुनाव के बीच वार्ड संख्या 2 के पार्षद प्रत्याशी अमित भद्र ने बुधवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर क्षेत्रवासियों से विकास के मुद्दे पर समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों का दौरा किया और घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया। जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और महिलाएं भी शामिल हुए, जिससे चुनावी माहौल में उत्साह देखा गया।अमित भद्र ने लोगों से बातचीत के दौरान कहा कि वार्ड संख्या 2 में सड़क, नाली, सफाई व्यवस्था, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान को उनकी प्राथमिकता बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के सहयोग और विश्वास से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्षद बनने के बाद जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने भी वार्ड की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और विकास की उम्मीद जताई। कई स्थानों पर लोगों ने प्रत्याशी का स्वागत कर समर्थन देने का आश्वासन दिया। चुनावी मैदान में बढ़ती सक्रियता के बीच अमित भद्र का यह जनसंपर्क अभियान चर्चा का विषय बना हुआ है।नगर निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ रही है और प्रत्याशी विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं। अब देखना यह होगा कि जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है और किसके विकास के वादों पर मुहर लगाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *