भाजपा में संगठनात्मक एकजुटता की मिसाल: बबीता झा ने अध्यक्ष पद से नामांकन वापस लेकर रीना कुमारी को दिया समर्थन

जामताड़ा। जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में शुक्रवार को भाजपा की ओर से संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता का स्पष्ट संदेश देखने को मिला। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं समाजसेवी बबीता झा ने अध्यक्ष पद के लिए किया गया अपना नामांकन वापस लेते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी को औपचारिक रूप से समर्थन देने की घोषणा की। इस फैसले को पार्टी के भीतर निष्ठा और अनुशासन का उदाहरण माना जा रहा है।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और यह चुनाव दलीय चिन्ह पर नहीं हो रहे हैं। ऐसे में पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि समाज के लिए निरंतर कार्य करने वाले योग्य कार्यकर्ताओं को समर्थन देकर चुनावी मैदान में उतारा जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बड़ा संगठन है, जहां एक से अधिक सक्षम और लोकप्रिय नेता मौजूद हैं। बबीता झा वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं और उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भी किया था, लेकिन प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने संगठन हित में यह कदम उठाया।सुमित शरण ने कहा कि निष्ठा को कमजोरी और बगावत को ताकत समझना गलत है। बबीता झा द्वारा नामांकन वापसी पार्टी के प्रति उनके समर्पण और अनुशासन को दर्शाती है।वहीं बबीता झा ने कहा कि वह लंबे समय से संगठन से जुड़कर कार्य कर रही हैं और समाज का व्यापक समर्थन उन्हें मिलता रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार रीना कुमारी को समर्थन देना संगठन की प्राथमिकता है, इसलिए उन्होंने स्वेच्छा से नामांकन वापस लिया है।इस मौके पर किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या, भाजयुमो जिला महामंत्री चंदन राउत सहित गीता मंडल और हेमंत झा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *