नौ साल से अटकी जेटेट परीक्षा पर फूटा गुस्सा, जामताड़ा में आंदोलन की चेतावनी

जामताड़ा। लगभग नौ वर्षों से लंबित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। रविवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में जिला प्रशिक्षित शिक्षक संघ की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अगुवाई राजीव मंडल ने की, जिसमें बड़ी संख्या में बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थी शामिल हुए।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि परीक्षा का बार-बार स्थगन युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। सरकार और शिक्षा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा गया कि अब तक परीक्षा की ठोस प्रक्रिया शुरू नहीं होना चिंताजनक है। नियमावली जारी कर वापस लेने की प्रवृत्ति से अभ्यर्थियों में भ्रम और निराशा का माहौल बना है। कई अभ्यर्थी आयु सीमा पार करने की स्थिति में पहुंच चुके हैं। संघ ने चेताया कि यदि शीघ्र परीक्षा तिथि घोषित नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन छेड़ा जाएगा, जो जिला स्तर से शुरू होकर राज्यव्यापी रूप लेगा। बैठक में इरफान अंसारी, राकेश कुमार, निर्मल कुमार, देव कुमार, रंजीत कुमार और रामकिंकर मंडल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संघ ने सरकार से संशोधित नियमावली को मंजूरी देकर जल्द परीक्षा कराने की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *