मिहिजाम नगर निकाय चुनाव में वार्ड नंबर 3 की समस्याओं को लेकर मैदान में उतरीं आशा देवी, पानी और सफाई को बनाया चुनावी मुद्दा

मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में हो रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं और मतदाताओं को रिझाने के लिए जोर-शोर से प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड संख्या 3 से पार्षद पद की प्रत्याशी आशा देवी भी पूरी मजबूती के साथ चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। वे लगातार डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर वार्डवासियों से संवाद कर रही हैं और उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास कर रही हैं।प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत में आशा देवी ने वार्ड संख्या 3 की प्रमुख समस्याओं को सामने रखा। उन्होंने बताया कि वार्ड का काली मंदिर क्षेत्र ड्राई जोन में आता है, जिसके कारण यहां के निवासियों को विशेषकर गर्मी के मौसम में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ता है। इस क्षेत्र से इंडियन ऑयल कंपनी की पाइपलाइन गुजरने के कारण लंबे समय तक शहरी जलापूर्ति योजना का लाभ यहां के लोगों को नहीं मिल सका, जिससे पानी के लिए उन्हें काफी परेशानियां झेलनी पड़ीं।आशा देवी ने कहा कि हाल के वर्षों में नगर परिषद द्वारा इंडियन ऑयल कंपनी से समन्वय स्थापित कर इस क्षेत्र को शहरी जलापूर्ति योजना से जोड़ा गया, जिससे कुछ हद तक राहत जरूर मिली। लेकिन क्षेत्र की ऊंचाई अधिक होने के कारण आज भी लाभुकों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे जल संकट पूरी तरह खत्म नहीं हो सका है।इसके अलावा उन्होंने नगर परिषद की नियमित साफ-सफाई व्यवस्था पर भी असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि वार्ड में साफ-सफाई समय पर नहीं होने से लोगों को गंदगी और जलजमाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं, पिछले दिनों नगर परिषद द्वारा वितरित किए गए कंबलों को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि वार्ड में रहने वाले कई वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक इस योजना का लाभ नहीं पहुंच पाया।आशा देवी ने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया तो वे पानी, सफाई और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *