बच्चा चोरी की अफवाहों पर लगाम के लिए जागरूकता रथ रवाना

जामताड़ा। जिले में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर फैल रही भ्रांतियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह पहल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से की गई।उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने संयुक्त रूप से वाहन को रवाना करते हुए जिलेवासियों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की।उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित थाना, प्रखंड विकास पदाधिकारी या अंचल अधिकारी को सूचित करें, लेकिन कानून को अपने हाथ में न लें।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अब तक जामताड़ा जिले में बच्चा चोरी की कोई भी घटना दर्ज नहीं हुई है। इसके बावजूद अफवाहों के आधार पर बाहरी या संदिग्ध समझे जाने वाले व्यक्तियों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है, जो दंडनीय अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर तुरंत सूचना दें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *