जामताड़ा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) के आह्वान पर मंगलवार को जामताड़ा जिले में 24 घंटे की बैंक हड़ताल पूरी मजबूती के साथ आयोजित की गई। इस क्रम में यूएफबीयू जामताड़ा जिला यूनियन के नेतृत्व में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। आंदोलन में जिले के सभी सरकारी बैंकों के कर्मचारियों ने एकजुट होकर भाग लिया और अपनी मांगों को मुखर रूप से रखा।धरना-प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि उनकी वर्षों पुरानी मांग पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली को अविलंब लागू की जाए। कर्मचारियों का कहना था कि इस मांग पर भारतीय बैंक संघ पहले ही सहमति जता चुका है, बावजूद इसके अब तक इसे अमल में नहीं लाया गया है, जिससे बैंक कर्मियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।धरना समाप्त होने के बाद हड़ताली कर्मचारी जामताड़ा बाजार से होते हुए जिले में संचालित निजी बैंकों तक पहुंचे और उन्हें भी बंद कराया। इस दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित प्रबंधन ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो भविष्य में इससे भी बड़े आंदोलन और लंबी हड़ताल की जाएगी।इस आंदोलन में धीरज कांति खां, संगीता शर्मा, चंचल रंजन मंडल, सृष्टि कुमारी, दीपिका शरण, ललिता डोडराय, गोपाल कुमार, अरुण कुमार सिंह, प्रतीक पाल, राहुल कुमार दों, सुधीर कुमार सिंह, रंजीत कुमार माजी, पवन पंडित, कुंदन दे, दोलन कुमार दास, प्रकाश राय, संचित कुमार, अखिलेश कुमार, दीपा कुमारी, कार्तिक हालदार सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी मौजूद रहे। आंदोलन के चलते पूरे जिले में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं।
पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग पर गरजे बैंककर्मी, जामताड़ा में 24 घंटे की हड़ताल से ठप रहा कामकाज
