जामताड़ा। जिले के कर्माटांड़ प्रखंड अंतर्गत सीताकाटा पंचायत में गुरुवार सुबह निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी चोनाराम हेंब्रम के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना सामने आई। वे कनीय अभियंता जमील अंसारी के साथ आंगनबाड़ी केंद्र सीताकाटा-1 में 15वें वित्त आयोग मद से चल रही पेयजलापूर्ति योजना का निरीक्षण करने पहुंचे थे।आरोप है कि आंगनबाड़ी सेविका भरती देवी के पति वासुदेव मंडल ने मौके पर पहुंचकर अधिकारी के साथ हाथापाई की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। घटना की सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना को अवगत कराया गया। एएसआई आलम अंसारी पुलिस बल के साथ तत्काल स्थल पर पहुंचे, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया।बीडीओ चोनाराम हेंब्रम के लिखित आवेदन पर कर्माटांड़ थाना कांड संख्या 12/26 दर्ज किया गया। मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 126(2), 127(2), 132, 352, 351(3) एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ। थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वासुदेव मंडल को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जामताड़ा भेज दिया।छापेमारी दल में एसआई विकास कुमार तिवारी, मुकेश भोक्ता, एएसआई जॉन मिंज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में आक्रोश व्याप्त है।
योजना जांच के दौरान बीडीओ पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
