बाइक रैली से गूंजा मिहिजाम, प्रीति देवी के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में शुक्रवार को नगर निकाय चुनाव के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी प्रीति देवी के समर्थन में जबरदस्त बाइक रैली निकाली गई। रैली में समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। काफी संख्या में युवा कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों के साथ शामिल हुए और पूरे नगर क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन किया।बाइक रैली की शुरुआत प्रीति देवी के आवासीय चुनावी कार्यालय से हुई। वहां से समर्थकों का काफिला विभिन्न वार्डों और प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए नगर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करता रहा। रैली के दौरान समर्थकों ने प्रीति देवी जिंदाबाद, विकास की पहचान प्रीति देवी जैसे नारों से माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया। पूरे मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में घंटों तक नारों की गूंज सुनाई देती रही।रैली में शामिल समर्थकों का कहना था कि नगर के सर्वांगीण विकास, साफ-सफाई, सड़क, जलापूर्ति और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे प्रीति देवी को अध्यक्ष पद पर देखना चाहते हैं। समर्थकों ने दावा किया कि इस बार जनता परिवर्तन और विकास के नाम पर मतदान करेगी।इस अवसर पर प्रीति देवी के अभिकर्ता राकेश लाल ने भी लोगों का अभिवादन करते हुए कहा कि उन्हें नगरवासियों का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो नगर परिषद क्षेत्र में पारदर्शी और जनहितकारी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।बाइक रैली के शांतिपूर्ण समापन के साथ ही चुनावी माहौल और भी गरमा गया है। नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं और विभिन्न प्रत्याशी अपने अपने तरीके से मतदाताओं को आकर्षित करने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *