मिहिजाम। राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव कराने में हो रही देरी के खिलाफ बुधवार को स्टेशन चौक मिहिजाम में भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया। धरने का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री रहे सत्यानंद झा बाटूल उपस्थित रहे। धरना में चुनाव की तिथियां शीघ्र घोषित करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने तथा मतदान में ईवीएम के प्रयोग की प्रमुख मांग उठाई गई।मुख्य वक्ता सत्यानंद झा बाटूल ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में भ्रष्टाचार को खुली छूट दी गई है और अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं। नगर निकायों में जनप्रतिनिधि नहीं होने के कारण लूट खसोट बढ़ी है, जिसकी सीधी जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। उन्होंने कहा कि भाजपा 5 से 7 तारीख तक सभी नगर निकाय क्षेत्रों में इसी मांग को लेकर आंदोलन कर रही है।भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जामताड़ा जिला भी अपराध की चपेट में है और सत्ताधारी दल के नेताओं के बयानों से अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार हार के डर से नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराना चाहती, जबकि दलीय चुनाव से ही सही विकास और जवाबदेही सुनिश्चित होती है।महाधरना को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और प्रशासन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने जामताड़ा व मिहिजाम में हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कई मामलों का आज तक खुलासा नहीं हुआ, जिससे जनता में भय का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नगर निकाय चुनाव अविलंब ईवीएम के माध्यम से दलीय आधार पर कराए जाएं।धरना में मिहिजाम नगर परिषद के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष बालमुकुंद रविदास, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, जिला महामंत्री मितेश शाह, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, सुनील हांसदा, महेंद्र मंडल, मोहन शर्मा, प्रवीण मिश्रा, विश्वनाथ सोरेन, पुष्पा सोरेन, शुभम साव, अजीत पासवान, अरुण यादव, अनीता शर्मा, संजू देवी, अर्चना गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन परिचय मंडल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष लोकेश महतो ने किया।
निकाय चुनाव में देरी के विरोध में मिहिजाम में भाजपा का महाधरना, सरकार पर भ्रष्टाचार व अपराध को बढ़ावा देने का आरोप
