जामताड़ा। मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश कमेटी के निर्देशानुसार वृद्ध आश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने किया। मौके पर महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा सहित कई महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की टीम ने वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से आत्मीय संवाद स्थापित किया, उनका हालचाल जाना और उनकी दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर बुजुर्गों के बीच उपयोगी सामग्री का वितरण भी किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने बुजुर्गों के साथ समय बिताते हुए उनके जीवन अनुभव सुने, जिससे आश्रम परिसर में भावनात्मक जुड़ाव और अपनत्व का वातावरण देखने को मिला।प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने वृद्ध आश्रम की वर्तमान व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के निर्माण में जीवन समर्पित करने वाले बुजुर्गों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं है। कड़ाके की ठंड में उन्हें हो रही परेशानियों को देखते हुए उन्होंने जिला उपायुक्त से स्वयं निरीक्षण कर ठोस कदम उठाने की मांग की।जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने कहा कि सेवा और संवेदना भाजपा महिला मोर्चा की पहचान है और आगे भी ऐसे कार्य जारी रहेंगे। वहीं हरिमोहन मिश्रा ने बुजुर्गों को समाज की अमूल्य धरोहर बताया। कार्यक्रम में संजू देवी, मीनू देवी, नियति सिन्हा, सीता मुनि हांसदा, काजू शर्मा, बी.डी. सोरेन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा महिला मोर्चा ने जामताड़ा वृद्ध आश्रम में किया मानवीय पहल
