जामताड़ा। राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव कराने में हो रही देरी के विरोध में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से जामताड़ा के गांधी चौक पर एकदिवसीय महाधरना आयोजित किया गया। धरना कार्यक्रम की अगुवाई भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की, जबकि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रणधीर सिंह मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए।मुख्य वक्ता रणधीर सिंह ने राज्य की गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकायों में भाजपा के बढ़ते प्रभाव से भयभीत होकर सरकार चुनाव टाल रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव नहीं होने के कारण नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में निर्वाचित जनप्रतिनिधि नहीं हैं, जिससे भ्रष्टाचार को खुली छूट मिल रही है। रणधीर सिंह ने तीन सूत्री मांग रखते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव अविलंब कराए जाएं, चुनाव दलीय आधार पर हों और मतदान प्रक्रिया ईवीएम से कराई जाए।भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार हार के डर से दलीय आधार पर चुनाव से भाग रही है। भाजपा सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और आवश्यकता पड़ी तो न्यायालय का भी रुख करेगी। धरना को पूर्व मंत्री सत्यानंद झा, भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, माधव चंद्र महतो और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम का संचालन कमलेश मंडल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने किया। मौके पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, जिला महामंत्री मितेश शाह, तरुण गुप्ता, सुनील हांसदा, बबिता झा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर निकाय चुनाव में देरी पर भाजपा का हुंकार, गांधी चौक पर उमड़ा जनाक्रोश
