मिहिजाम। मिहिजाम नगर के हरिपाड़ा में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी एससी मोर्चा, जिला जामताड़ा की ओर से 76वां संविधान दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिक, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक, जिला महामंत्री अरविंद हरि, मिहिजाम नगर अध्यक्ष टिंकू पासवान, तथा सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध हरि, समीर हरि, गौर हरि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को नमन करते हुए कहा कि संविधान लोकतंत्र की रीढ़ है और यह सभी नागरिकों को समान अधिकार, न्याय और स्वतंत्रता का मार्ग दिखाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संविधान के मूल्यों में समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व को अपनाने का संकल्प लिया। मोर्चा के पदाधिकारियों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सुनाई और युवाओं को समाज में जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी ने एक स्वर में देशभक्ति का भाव व्यक्त किया। इस अवसर ने नागरिकों में संवैधानिक जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को और सशक्त किया।
