संवाददाता नाला (जामताड़ा)। नाला प्रखंड के चालेपाड़ा स्थित प्रखंड कांग्रेस कमेटी कार्यालय में गुरुवार को प्रखंड अध्यक्ष समर माजी की अध्यक्षता में बीएलए की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सदस्य और मंडल अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार नाला प्रखंड के प्रत्येक बूथ पर एक-एक सदस्य को बीएलए के रूप में चयनित कर रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को भेज दी गई। वहीं संगठन की मजबूती और अध्यक्षीय कार्यों में सहयोग के लिए परिमल दे को प्रखंड कांग्रेस कमेटी का नया उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
साथ ही 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली सर्व भारतीय कांग्रेस महारैली में नाला प्रखंड से कई कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई। इस दल का नेतृत्व जितेंद्र नाथ मंडल, मुनमुन चौहान, तपन कुमार तिवारी, रसीलाल टुडू और परिमल दे करेंगे। सभी के लिए समय, तिथि और स्थान तय कर यात्रा योजना भी बना ली गई।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारी सहित कई अहम विषयों पर भी चर्चा हुई। समर माजी ने कहा कि बीएलए बूथ स्तर पर बीएलओ की मदद करते हुए मतदाता सूची में नए नामों का शामिल होना, त्रुटियों का सुधार और मतदान की पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष पंकज झा, गुलशन अली, तपन कुमार तिवारी, मोहम्मद अख्तर, जितेंद्र नाथ मंडल, करीमुल अली, नारायण राय, रामचंद्र भुईं, मिमरान मिस्त्री, संजय खां, सुदामय मरांडी, मशीउर रहमान, मनोज कुमार, रतन धीवर, उत्तम राउत, लक्ष्मीकांत बनर्जी, कोरी आनंद, सागर हालदार, मुनमुन चौहान सहित अनेक पदाधिकारी एवं डेलीगेट मौजूद रहे।
