जामताड़ा में कांग्रेस का शक्ति–प्रदर्शन: संविधान बचाओ दिवस पर मंत्री इरफान अंसारी का तीखा संदेश

जामताड़ा। जामताड़ा में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर संविधान बचाओ दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया। जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा के नेतृत्व में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अंबेडकर चौक पहुँचे, जहाँ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान की रक्षा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, जामताड़ा विधायक और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 13 वर्षों में धर्म आधारित राजनीति ने देश को वास्तविक मुद्दों से दूर कर दिया है। उन्होंने तीन तलाक, धारा 370, सीएए, एनआरसी, जीएसटी और नोटबंदी जैसे फैसलों को विभाजनकारी बताते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और महंगाई जैसे जरूरी मुद्दे उपेक्षित हो गए हैं। उन्होंने मोबाइल, इंटरनेट और आईटी क्रांति को कांग्रेस की दूरदर्शिता का परिणाम बताया।

मंत्री अंसारी ने जेएससीए स्टेडियम में भारत–दक्षिण अफ्रीका मैच के सफल आयोजन पर खुशी जताई और इसे झारखंड की बढ़ती पहचान का संकेत बताया। कार्यक्रम में प्रभु मंडल, इरशाद उल हक अर्शी, दाऊद अंसारी, बीरबल अंसारी, दानिश रहमान, अभय पांडे और तनवीर आलम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

दिनभर चले कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया। नेताओं ने कहा कि संविधान विरोधी शक्तियों के खिलाफ कांग्रेस निरंतर संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *