गांगुडीह में गूंजा दिशोम गुरु का विचार, सेवा और संस्कृति के संग मनी 82वीं जयंती

जामताड़ा। नारायणपुर प्रखंड के गांगुडीह गांव में झारखंडी चेतना के शिखर पुरुष, झामुमो के संस्थापक नेता स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती श्रद्धा, जोश और सामाजिक सरोकार के साथ मनाई गई। गांव का वातावरण सुबह से ही उत्सवमय रहा, जहाँ ग्रामीणों, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एकजुट होकर गुरु जी को नमन किया।कार्यक्रम की शुरुआत गुरु जी की प्रतिमा स्थल पर विधिवत पूजा अर्चना से हुई। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष और योगदान को याद किया गया। मौके पर झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सागीर खान, वरिष्ठ नेता रविंद्र नाथ दुबे, सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, जिला उपाध्यक्ष प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव, इम्तियाज अंसारी, प्रदीप मंडल, लालू अंसारी, परेश यादव, बंटू हाईजैक, किशोर रवानी, हीरालाल सोरेन, अनिल बास्की, सीताराम बास्की और दिलीप मरांडी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल नेता नहीं, बल्कि आदिवासी मूलवासी अधिकारों की जीवंत आवाज थे। उन्होंने जल, जंगल, जमीन की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए जीवन भर संघर्ष किया। प्रदीप मंडल ने उन्हें झारखंड की आत्मा बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को दिशा देता रहेगा।इस अवसर पर बच्चों और युवाओं ने आदिवासी गीत नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। अंत में जरूरतमंदों के बीच मिठाई, कंबल और वस्त्र वितरण किया गया। नेताओं ने कहा कि जयंती को सेवा दिवस के रूप में मनाना ही गुरु जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *