शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर: आशा गुप्ता ने जारी किया विकास केंद्रित चुनावी घोषणा पत्र

जामताड़ा। जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी आशा गुप्ता ने सोमवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में चुनावी घोषणा पत्र जारी करते हुए नगर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का खाका सामने रखा। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन मिलने पर नगर पंचायत के सभी वार्डों में अंबेडकर पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे, जहां छात्र-छात्राओं के लिए नि:शुल्क अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उनका कहना था कि शिक्षा को मजबूत किए बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।घोषणा पत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंदों के लिए एम्बुलेंस सेवा शुरू करने का वादा किया गया। इसके अलावा युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने के लिए कोचिंग संस्थान खोलने की भी योजना साझा की गई। आशा गुप्ता ने कहा कि उनका लक्ष्य जामताड़ा को शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में एक आदर्श नगर बनाना है।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने उनके घोषणापत्र को विकासोन्मुख बताते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। प्रत्याशी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे नगर के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर निर्णय लें। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता उन्हें अवसर देकर जामताड़ा के विकास की नई दिशा तय करने में सहयोग करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *