जामताड़ा। प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार का दिन मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित रहा। झारखंड सरकार के निर्देश पर पहली बार आयोजित विशेष रक्तदान शिविर में प्रखंड कर्मियों एवं अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 10 यूनिट रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रस्तुत की।
अंचलाधिकारी अविश्वर मुर्मू ने बताया कि यह शिविर प्रखंड कार्यालय में आयोजित अपनी तरह का पहला कार्यक्रम था, जिसमें कर्मचारियों ने अत्यधिक जिम्मेदारी और जागरूकता दिखाते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। बीपीओ, सहायक पदाधिकारी और कई अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ने इस पहल को सफल बनाया।
रक्तदान के महत्व पर बोलते हुए अंचलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन का उपहार है। उन्होंने सभी कर्मियों को प्रेरित करते हुए बताया कि रक्तदान से न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है।
शिविर का संचालन ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। टीम ने रक्तदान प्रक्रिया, इसके स्वास्थ्य लाभ और सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। रक्तदान करने वाले सभी कर्मचारियों को प्रशस्ति प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कर्मचारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सन्देश देते हैं और जरूरतमंदों के लिए जीवन रेखा साबित होते हैं। सभी ने भविष्य में भी नियमित रक्तदान करने का संकल्प व्यक्त किया।
