झामुमो स्थापना दिवस को लेकर जामताड़ा में जोश, केंद्रीय सचिव विनोद पांडेय का भव्य स्वागत

जामताड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 2 फरवरी को दुमका में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह को लेकर पूरे संथाल परगना में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे झामुमो के केंद्रीय सचिव विनोद पांडेय रविवार की शाम जामताड़ा पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया।जामताड़ा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से केंद्रीय सचिव का अभिनंदन किया और नारेबाजी के साथ स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त सभा को संबोधित करते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो का स्थापना दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता, अधिकार और संघर्ष की पहचान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में दुमका पहुंचकर स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाएं।केंद्रीय सचिव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हाल ही में पेश किए गए आम बजट में झारखंड की पूरी तरह उपेक्षा की गई है। यह झारखंड की जनता के साथ सौतेला व्यवहार है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस नीति का खामियाजा उसे आने वाले समय में राजनीतिक रूप से भुगतना पड़ेगा और झारखंड की जनता इसका जवाब देगी।कार्यक्रम की खास बात यह रही कि चित्तरंजन रेल कारखाना (चिरेका) से शनिवार को सेवानिवृत्त हुए कर्मी सुरेंद्र टुडू ने केंद्रीय सचिव विनोद पांडेय के समक्ष झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। केंद्रीय सचिव ने उन्हें माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।इस मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश प्रसाद साव, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सगीर खान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मेरी मरांडी, चमेली देवी, रवींद्र दुबे, आनंद टुडू, प्रदीप मंडल, अशोक मंडल सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *