दुर्गम चोटी पर भड़की आग: केलाही पहाड़ की लपटों से सहमे ग्रामीण

मिहिजाम। केलाही पहाड़ में बुधवार को अचानक आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मिहिजाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित इस पहाड़ी पर उठती लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास बसे गांवों के लोगों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ के चारों ओर कई बस्तियां स्थित हैं, ऐसे में आग के फैलने की आशंका से लोग भयभीत हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार आग पहाड़ की ऊंची चोटी पर लगी है, जहां तक पहुंच पाना बेहद कठिन है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग जामताड़ा की दमकल टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, दुर्गम रास्तों और वाहन के लिए उपयुक्त मार्ग नहीं होने के कारण दमकल कर्मियों को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा। विभाग के पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची थी, लेकिन चोटी तक गाड़ी ले जाना संभव नहीं था।घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग जामताड़ा को भी सूचित किया है। लोगों को उम्मीद है कि वन विभाग की टीम वैकल्पिक उपाय अपनाकर आग पर काबू पाने की कोशिश करेगी। फिलहाल क्षेत्र में चिंता और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि आग पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके और किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *