मिहिजाम बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की दस्तक, दुकानों में मचा हड़कंप

मिहिजाम। मिहिजाम शहर में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर बाजार क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी। दोपहर के समय जैसे ही टीम बाजार पहुंची, कई दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों, चिकन और मांस विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई।निरीक्षण के क्रम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण की स्थिति, स्वच्छता मानकों और वैध लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। विशेष रूप से स्टेशन रोड और एक नंबर गेट के आसपास स्थित मुर्गा एवं मांस दुकानों पर अधिक ध्यान दिया गया। टीम ने दुकानदारों से लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा और नियमों के अनुरूप कार्य करने की सख्त हिदायत दी।खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अपूर्वा मिंज ने बताया कि आम नागरिकों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कुछ प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, निर्धारित मानकों के अनुरूप भंडारण करने तथा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।अभियान के बाद बाजार में पूरे दिन इस कार्रवाई की चर्चा होती रही। विभाग की इस पहल को उपभोक्ताओं की सेहत की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *