मिहिजाम। मिहिजाम नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 अंतर्गत मनसा मंदिर कालीतल्ला में इस वर्ष सरस्वती पूजा के अवसर पर एक अनोखा और प्रेरणादायक नजारा देखने को मिला। यहां न्यू स्टार गर्ल्स क्लब द्वारा आयोजित सरस्वती पूजा में 8 से 16 वर्ष की बालिकाओं ने न सिर्फ पूजा का आयोजन किया, बल्कि पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी भी स्वयं संभाली। यह आयोजन महिला सशक्तीकरण की एक जीवंत मिसाल बनकर सामने आया।पूजा पंडाल की सजावट से लेकर आकर्षक आलोक सज्जा तक, हर कार्य इन बालिकाओं ने अपने हाथों से किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी मेहनत, लगन और टीमवर्क ने आयोजन को भव्य रूप दे दिया। इस पूजा में कोमल कुमारी, आस्था कुमारी, चंद्रावती कुमारी, खुशी कुमारी, दिव्या कुमारी, जानवी कुमारी और पीहू कुमारी की सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।इस अवसर पर कोमल कुमारी ने बताया कि मैट्रिक परीक्षा नजदीक होने के कारण मोहल्ले के कई लोगों ने पूजा आयोजन से मना किया था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। सभी सदस्यों के सहयोग से घर-घर जाकर चंदा इकट्ठा किया और पूजा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। उनकी यह पहल यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।स्थानीय लोगों ने बालिकाओं की इस पहल की जमकर सराहना की और इसे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पूजा के बाद शनिवार को विधिवत प्रसाद वितरण किया जाएगा। यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में बालिकाओं की नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का सशक्त संदेश भी देता है।
बालिकाओं ने रचा इतिहास: मिहिजाम के कालीतल्ला में सरस्वती पूजा बनी महिला सशक्तीकरण की मिसाल
