किसानों के लिए सुनहरा अवसर: एक माह चलेगा केसीसी व कृषि ऋण माफी विशेष अभियान

जामताड़ा। झारखंड सरकार द्वारा किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और खेती को सरल व सुलभ बनाने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड योजना तथा झारखंड कृषि ऋण माफी योजना को लेकर एक विशेष प्रखंड स्तरीय अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 20 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों, ग्राम पंचायतों और चयनित स्थानों पर संचालित किया जाएगा।
अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अभियान का मुख्य लक्ष्य अधिक से अधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ना, लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करना और पात्र किसानों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए बैंक कर्मी, कृषि विभाग के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी देंगे और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
इस विशेष अभियान में उन किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास अभी तक केसीसी नहीं है या जिनके आवेदन तकनीकी कारणों से अटके हुए हैं। साथ ही झारखंड कृषि ऋण माफी योजना के तहत पात्र किसानों के दस्तावेजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि वे योजना का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त कर सकें।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित शिविरों में पहुंचकर इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं। इससे न केवल सस्ती और आसान ऋण सुविधा मिलेगी, बल्कि सरकारी योजनाओं का सीधा, पारदर्शी और समयबद्ध लाभ भी किसानों तक सुनिश्चित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *