धर्मपुर मोड़ पर दिनदहाड़े गोलियों की गूंज, फुरकान अंसारी की हत्या से जामताड़ा दहला

जामताड़ा। जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अपराधियों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। धर्मपुर मोड़ पर करीब 8 से 8:30 बजे के बीच 44 वर्षीय फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे की ओर से पहुंचे। हाईवे पर रुककर उन्होंने चेहरे ढके और फिर अंदर की ओर बढ़े। धर्मपुर मोड़ पर मौजूद फुरकान अंसारी (पिता– नूर मोहम्मद) को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने सीधे चेहरे पर गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की और गांव के कच्चे रास्ते से फरार हो गए। मौके से पुलिस ने खोखे बरामद किए हैं।गंभीर रूप से घायल फुरकान अंसारी को तत्काल सदर अस्पताल जामताड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अपने पीछे वे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद थाना प्रभारी, एसडीपीओ और अन्य वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास के दुकानदारों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।स्थानीय ग्रामीण मंसूर आलम ने बताया कि सुबह आठ बजे के आसपास गोलीबारी हुई और अपराधी मौके से भाग निकले। वहीं सोनू सिंह ने जिले में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि जामताड़ा जैसे शांत जिले में यह तीसरी गोलीकांड की घटना है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।मौके पर पहुंचे एसडीपीओ ने फिलहाल इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *