जामताड़ा। झारखंड के कर्माटांड़ स्थित नंदन कानन परिसर में इस वर्ष भी महान समाज सुधारक और शिक्षाविद् ईश्वर चंद्र विद्यासागर की स्मृति में भव्य गुरुदक्षिणा समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 29 मार्च 2026, रविवार को प्रातः 8 बजे से आयोजित होगा। झारखंड बंगाली समिति के अध्यक्ष डॉ दुर्गादास भंडारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन बिहार बंगाली समिति और झारखंड बंगाली समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम के संचालन में विद्यासागर स्मृति रक्षा समिति और नंदन कानन संचालन समिति सहयोग कर रही हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम को श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाने की तैयारी की गई है।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे भव्य शोभायात्रा से होगी। इसके बाद सुबह 9 बजे महान शिक्षाविद् विद्यासागर की आबक्ष प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। प्रातः 10 बजे उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था रहेगी।सुबह 11 बजे से मुख्य कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ होगा, जिसमें विद्यासागर के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोपहर में सामूहिक भोजन का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया जाएगा तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।आयोजकों ने सभी विद्यासागर प्रेमियों और क्षेत्र के नागरिकों से इस अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
कर्माटांड़ में 29 मार्च को होगा ‘गुरुदक्षिणा समारोह’, विद्यासागर श्रद्धालुओं का जुटेगा महासंगम
