चिंगारियों में घिरा हांड़ीपाड़ा देखते ही देखते भड़क उठी आग, स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

मिहिजाम। मिहिजाम थाना क्षेत्र के हांड़ीपाड़ा में रविवार की शाम अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। बताया जाता है कि आग एक मकान से शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में आसपास फैलने लगी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और वे सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। स्थिति गंभीर होती देख स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और सामूहिक सहयोग से हालात को नियंत्रित करने में जुट गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल वाहन के घटनास्थल पर लगभग एक घंटे देर से पहुंचने का आरोप लगाया गया है। हालांकि बाद में दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।इस घटना में मकान मालिक अमित साव, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं, को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने बताया कि आग में सैकड़ों की संख्या में सब्जियों के कैरेट, निशान कंपनी का एक चारपहिया वाहन, एक स्कूटी का कुछ हिस्सा और पास के मकान की दीवार में लगी पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है।राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है। इस घटना ने क्षेत्र में दमकल व्यवस्था की तत्परता और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *