जामताड़ा। जिला के नारायणपुर प्रखंड स्थित सिकदारडीह गांव में तीन दिवसीय श्री श्री हरिनाम संकीर्तन का समापन बुधवार को धुलाट कार्यक्रम के साथ श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। लगातार तीन दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में सुबह-शाम भजन, कीर्तन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिससे पूरा गांव भक्तिरस में सराबोर रहा। अंतिम दिन आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और हरिनाम संकीर्तन में शामिल होकर वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। समापन अवसर पर सामूहिक आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।इधर होली के पावन अवसर पर गांव के प्राचीन हरि मंदिर प्रांगण में युवाओं ने एकजुट होकर रंगोत्सव मनाया। अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं। डीजे की मधुर धुनों पर युवा वर्ग ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। रंगों की बौछार और हंसी-ठिठोली के बीच पूरे गांव में भाईचारे और सौहार्द की अनोखी मिसाल देखने को मिली। धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का यह संगम ग्रामीणों के लिए यादगार बन गया।
सिकदारडीह में हरिनाम की गूंज, धुलाट संग संकीर्तन पूर्णाहुति; युवाओं ने रंगों से रचा उत्सव
